पुलिस ने गोगुंदा और ईसवाल के आसपास के क्षेत्रों में घूमते हुए पकड़ा, सोशल मीडिया पर हथियारो के साथ फोटो डालने का था शौक
अभिषेक जोशी
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा के आदेशों के बाद शहर में सोशल मीडिया पर गैंगस्टर और बदमाशों को फॉलो करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की अपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों की धरपकड़ अभियान के तहत गोगुंदा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स को फॉलो करने के साथ इंस्टाग्राम और व्हाट्सअप पर हथियारों के साथ अपने फोटो शेयर करते थे। पुलिस ने इन अपराधिक पृष्ठभूमि के बदमाशों को ईसवाल और गोगुंदा के आसपास गांवों में घूमते हुए दस्तयाब किया। गोगुंदा थाना अधिकारी अनिल विश्नोई ने बताया कि इन अपराधियों के गोगुंदा और ईसवाल के आसपास के गांवों में होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इस पर पुलिस टीमों ने दबिश दी और पप्पू सिंह उर्फ रूप सिंह पुत्र वाल सिंह राजपूत उम्र 28 साल निवासी इसवाल पुलिस थाना गोगुन्दा, शेर सिंह उर्फ शेरू राजपुत पुत्र भंवर सिंह राजपुत उम्र 34 साल निवासी पालडी पुलिस थाना अम्बामाता, राजु उर्फ प्रताप सिंह राजपुत उम्र 23 साल निवासी कविता पुलिस थाना सुखेर, गोपाल सिंह उर्फ नन्दु पुत्र शंकर सिंह राजपुत उम्र 30 साल निवासी पालडी पुलिस थाना अम्बामाता और शंभु सिंह पुत्र श्री मोती सिंह राजपुत उम्र 25 साल निवासी सुजावतो की भागल , मोडी पुलिस थाना गोगुन्दा के साथ रोहित राव पुत्र श्री चुन्नीलाल उम्र 24 साल निवासी धाटा की भागल , मोडी पुलिस थाना गोगुन्दा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गोगुंदा थाना अधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल सुरेन्द कुमार, कमलेश कुमार, ओमप्रकाश, रामदयाल, किशोर, नन्दकिशोर, मनोहर सिंह, कृष्ण बलदेव और बलबीर की विशेष भूमिका रही।